
स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में जिले को 28वां,स्वयं सहायता भत्ता में 26 वां व कुशल युवा कार्यक्रम में 7वां स्थान
गोपालगंज,निज संवाददाता।शहर से सटे बसडीला स्थित जिला निबंधन व परामर्श केंद्र (डीआरसीसी) का सोमवार को उप विकास आयुक्त गौरव कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और सत्यापन की। केंद्र पर पहुंचे आवेदकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं व अनुभवों की जानकारी ली। डीडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए,ताकि अधिक से अधिक योग्य युवाओं तक इन योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मी सक्रिय रूप से कार्य करते हुए युवाओं को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास करें। समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्तमान में बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में जिले की रैंकिंग 28वीं है,जबकि मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना में 26 वीं व कुशल युवा कार्यक्रम में जिला 7वें स्थान पर है। इस पर डीडीसी ने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड तथा स्वयं सहायता भत्ता योजना के अंतर्गत जिले की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस मौके पर जिला योजना पदाधिकारी नीरज, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (योजना एवं लेखा) मुकेश कुमार तथा जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र के प्रभारी प्रबंधक मणिकांत सहित सभी सहायक प्रबंधक और कर्मी उपस्थित थे।

