
गोपालगंज,निज संवाददाता।जिले के सासामुसा में वर्षों से बंद पड़े चीनी मिल को पुनः चालू करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। इसको लेकर मंगलवार को पुनः दूसरी कंपनी सर्वे के लिए पहुंच रही है। बता दें कि गत दिनों देश की सबसे बड़ी उद्योग ग्रुप निरानी ग्रुप द्वारा इस मिल का सर्वे किया गया था। लेकिन क्षमता कम होने के कारण व बढ़ाने के लिए जमीन आदि की अनुपलब्धता के कारण उसने इसे हस्तांतरित करने से इंकार कर दिया था। जिसके बाद इस कड़ी में तिरहुत उद्योग तथा टू सिग्मा कंपनी की टीम मंगलवार को सासामुसा चीनी मिल का निरीक्षण करेगी। बताया जा रहा है कि दोनों कंपनियों के प्रतिनिधि मिल परिसर, मशीनरी,भूमि व अन्य संसाधनों का जायजा लेंगे और मिल को फिर से संचालित करने की संभावनाओं का आकलन करेंगे। निरीक्षण के दौरान तकनीकी विशेषज्ञ भी मौजूद रहेंगे,जो मिल की वर्तमान स्थिति का विस्तृत अध्ययन करेंगे। सासामुसा चीनी मिल लंबे समय से बंद रहने के कारण क्षेत्र के गन्ना किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मिल के पुनः चालू होने की संभावना से किसानों और स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि गन्ने की खरीद सुचारु रूप से हो सकेगी और क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मिल का संचालन फिर से शुरू होता है तो इससे न केवल गन्ना किसानों को फायदा होगा, बल्कि इलाके की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। प्रशासनिक स्तर पर भी इस पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके साथ बिहार सरकार के गन्ना उद्योग के अपर मुख्य सचिव के सेंथिल व गन्ना आयुक्त बिहार जय प्रकाश नारायण सिंह के भी शामिल होने की संभावना है।

