
बक्सर, 10 मार्च (विक्रांत) मध्य पूर्व में जारी युद्ध के विरोध में मंगलवार को डुमरांव नगर में भाकपा माले और अखिल भारतीय किसान महासभा के संयुक्त तत्वावधान में जोरदार शांति मार्च निकाला गया। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के खिलाफ सड़कों पर उतरे कार्यकर्ताओं ने युद्ध बंद करने और विश्व में शांति स्थापित करने की मांग की।
शांति मार्च डुमरांव नगर के मेन स्टेशन रोड से शुरू हुआ और गोला रोड होते हुए चौक रोड के रास्ते शहीद पार्क स्थल तक पहुंचा। वहां पहुंचकर मार्च सभा में तब्दील हो गया, जहां नेताओं ने अमेरिका-इजराइल की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए युद्ध पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव नवीन कुमार, किसान नेता अलख नारायण चौधरी और डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने कहा कि अमेरिका और इजराइल का साम्राज्यवादी गठजोड़ दुनिया भर में अशांति फैला रहा है।

अंतरराष्ट्रीय नियमों की अनदेखी करते हुए ईरान सहित कई देशों पर हमले किए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों और बच्चों की जान जा रही है। नेताओं ने कहा कि यह मानवता के खिलाफ अपराध है और इसे तुरंत रोका जाना चाहिए।शांति मार्च का नेतृत्व पूर्व मुखिया रामदेव सिंह, मुखिया रामजी यादव, नगर सचिव कृष्णा राम, ललन प्रसाद और रेखा देवी कर रहे थे। मार्च में शामिल कार्यकर्ता “अमेरिका-इजराइल आपराधिक साम्राज्यवादी गठजोड़ मुर्दाबाद”, “ईरान के खिलाफ युद्ध पर तुरंत रोक लगाओ”, “जंगखोर अमेरिका-इजराइल होश में आओ”, “मोदी सरकार अमेरिका की एजेंटी करना बंद करो”, “मानवता की हत्या बंद करो” जैसे नारे लगा रहे थे।

कार्यकर्ताओं ने अमेरिका और इजराइल के शीर्ष नेताओं के खिलाफ भी नाराजगी जताई और डोनाल्ड ट्रंप तथा बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ नारेबाजी की। शांति मार्च के दौरान उनके पुतले भी फूंके गए।मार्च में माले नेताओं में ललन राम,भगवान दास, शंकर तिवारी, बाबूलाल राम, सुरेन्द्र कुशवाहा, जाबिर कुरैशी, मानरूप जी,अरविंद यादव, पूजा कुमारी, ऊषा देवी, ददन यादव, यमुना राम एवं राधेश्याम शर्मा आदि सहित दर्जनों लोग शामिल रहे। नेताओं ने कहा कि युद्ध और महंगाई दोनों पर रोक लगाने के लिए जनता को एकजुट होना होगा।

