
पटना, 11 मार्च (अविनाश कुमार) पश्चिम एशिया में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब बिहार की रसोई और सड़कों पर दिखाई देने लगा है। हॉर्मुज जलमार्ग के जरिए गैस और तेल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के बीच केंद्र सरकार ने एसेंशियल कमोडिटीज एक्ट 1955 लागू कर दिया है। इसी के साथ बिहार पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने पूरे राज्य में लॉ एंड ऑर्डर को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है।

स्पेशल ब्रांच के DIG ने सभी डिविजनल कमिश्नर, IG, DIG, DM और SP को पत्र भेजकर चेताया है कि अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण LPG, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई में कमी हो सकती है। इससे पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ जुटने तथा अव्यवस्था फैलने की आशंका जताई गई है।प्रशासन को जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग पर सख्त नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पेट्रोल पंप और गैस गोदामों के पास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया है।

राज्य में रोज करीब 2.5 लाख सिलेंडर की खपत होती है। कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई फिलहाल रोकने से पटना, मुजफ्फरपुर और गया के कई होटल-रेस्टोरेंट में चूल्हे ठंडे पड़ने लगे हैं।पैनिक बुकिंग रोकने के लिए घरेलू LPG सिलेंडर की बुकिंग अवधि 21 से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। प्रशासन ने अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

