
समस्तीपुर, 15 मार्च (हर्षिता “अश्क”) समस्तीपुर मंडल में बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने और यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सघन टिकट जांच अभियान में रेलवे को बड़ी सफलता मिली है। चार दिनों तक चले इस अभियान में हजारों बिना टिकट और अनियमित यात्रियों पर कार्रवाई करते हुए रेलवे ने 81.03 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया है।मंडल द्वारा 10 मार्च 2026 को विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।

इस दौरान विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में व्यापक जांच की गई, जिसमें 4495 बिना टिकट और अनियमित यात्री पकड़े गए। इस कार्रवाई से रेलवे को लगभग 34.05 लाख रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई।इसके बाद 11 मार्च को नियमित टिकट जांच के दौरान 2220 यात्रियों को बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते हुए पकड़ा गया। उनसे लगभग 15.03 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।12 मार्च को भी जांच अभियान जारी रहा, जिसमें 2305 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई और लगभग 15.18 लाख रुपये की आय हुई। वहीं 13 मार्च को चलाए गए अभियान में 2681 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा गया, जिससे रेलवे को लगभग 16.77 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

चार दिनों के इस अभियान में कुल 11,701 बिना टिकट और अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया। उनसे कुल 81.03 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।समस्तीपुर मंडल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। बिना टिकट या अनियमित यात्रा करने पर रेलवे अधिनियम के तहत जुर्माना सहित अन्य कार्रवाई की जा सकती है। मंडल में आगे भी ऐसे सघन टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।

