
पटना, 16 मार्च (अविनाश कुमार) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है। इसी कड़ी में जन शक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने बंगाल चुनाव के लिए अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। शनिवार को पटना स्थित उनके आवास पर पार्टी नेताओं के साथ एक अहम बैठक हुई, जिसमें संगठन विस्तार और आगामी चुनाव अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में पश्चिम बंगाल से पार्टी के कई प्रमुख नेता शामिल हुए। इनमें प्रदेश महासचिव संदीप सेट और युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष दीपांकर चौमाल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

नेताओं ने तेज प्रताप यादव से मुलाकात कर बंगाल में पार्टी की मौजूदा स्थिति, चुनावी रणनीति और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों पर गहन विचार-विमर्श किया।बैठक के दौरान यह भी बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष कुमोद नारायण चौधरी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में संगठन को तेजी से मजबूत किया जा रहा है। साथ ही सदस्यता अभियान की समीक्षा कर बूथ स्तर तक संगठन विस्तार की योजना पर भी चर्चा की गई। तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया के जरिए बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी जल्द ही बंगाल में चुनावी कार्यक्रम शुरू करेगी और वे खुद राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर जनता के बीच अभियान की शुरुआत करेंगे।इसी बीच पार्टी को एक बड़ा चेहरा भी मिला।

मिसेज इंडिया रह चुकीं मोनिका मनी ने तेज प्रताप यादव के हाथों जन शक्ति जनता दल की सदस्यता ग्रहण की। मोनिका मनी 2017 से शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय रही हैं।तेज प्रताप यादव ने कहा कि मोनिका मनी के जुड़ने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और महिलाओं के बीच संगठन की पकड़ मजबूत होगी। पार्टी नेताओं के अनुसार, बंगाल की 294 विधानसभा सीटों में विशेष रूप से उन इलाकों पर फोकस किया जाएगा जहां हिंदी भाषी और बिहारी मतदाताओं की संख्या अधिक है।

