
पटना, 16 मार्च (अविनाश कुमार) बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सोमवार को विधानसभा में मतदान के दौरान उस समय सियासी हलचल तेज हो गई जब बेऊर जेल में बंद मोकामा के विधायक अनंत सिंह कड़ी सुरक्षा के बीच वोट डालने विधानसभा पहुंचे। पुलिस की निगरानी में पहुंचे अनंत सिंह ने मतदान किया और मीडिया से बातचीत में बड़ा दावा करते हुए कहा कि एनडीए राज्यसभा की सभी पांचों सीटें जीतने जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनका वोट मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पक्ष में है और वे पूरी मजबूती के साथ एनडीए का समर्थन कर रहे हैं।

विधानसभा परिसर में पहुंचते ही अनंत सिंह ने मीडिया के सामने विक्ट्री का साइन भी दिखाया। मतदान के बाद वे तुरंत पुलिस सुरक्षा में वापस बेऊर जेल लौट गए। जेल से बाहर आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मामला फिलहाल हाई कोर्ट में लंबित है और कब रिहाई होगी, इस पर अभी कुछ भी तय नहीं है।मुख्यमंत्री पद को लेकर जब उनसे निशांत कुमार के नाम की चर्चा पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि यह फैसला पूरी तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का होगा और वे जो भी निर्णय लेंगे, उसे स्वीकार किया जाएगा।

वहीं चुनाव लड़ने के सवाल पर अनंत सिंह ने साफ कहा कि अब वे भविष्य में चुनाव नहीं लड़ेंगे।दरअसल, एमपी-एमएलए की विशेष अदालत में अनंत सिंह की ओर से याचिका दायर कर मतदान की अनुमति मांगी गई थी। कोर्ट ने जेल प्रशासन को आदेश दिया कि उन्हें कड़ी सुरक्षा में विधानसभा ले जाकर वोट डलवाया जाए और फिर वापस जेल भेज दिया जाए। राज्यसभा चुनाव में कड़े गणित के बीच हर वोट की अहमियत बढ़ गई है।

