
पटना, 17 मार्च (अविनाश कुमार) जनता दल यूनाइटेड ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव का ऐलान कर सियासी हलचल तेज कर दी है। नोटिफिकेशन जारी होते ही दिल्ली से पटना तक पार्टी दफ्तरों में गतिविधियां बढ़ गई हैं और अब सबकी नजर इस बात पर टिक गई है कि क्या नीतीश कुमार एक बार फिर कमान संभालेंगे या पार्टी को नया चेहरा मिलेगा।जदयू के कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की अंतिम तिथि 22 मार्च रखी गई है। 23 मार्च को जांच और 24 मार्च को नाम वापसी होगी। यदि एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में रहते हैं, तो 27 मार्च को मतदान कराया जाएगा।

हालांकि पार्टी सूत्रों के मुताबिक नीतीश कुमार का निर्विरोध अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। 29 दिसंबर 2023 से अध्यक्ष पद संभालने के बाद उन्होंने संगठन को एकजुट बनाए रखा है, जिससे उनके पक्ष में माहौल मजबूत है।वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में ऐसा कोई दूसरा चेहरा नहीं है, जिस पर सर्वसम्मति बन सके।इस बीच, चुनावी प्रक्रिया को जदयू की भविष्य की रणनीति से भी जोड़ा जा रहा है।

नीतीश कुमार फिलहाल ‘समृद्धि यात्रा’ में व्यस्त हैं और कई जिलों का दौरा कर रहे हैं।दिल्ली में होने वाला यह चुनाव न केवल संगठन की दिशा तय करेगा, बल्कि यह भी संकेत देगा कि क्या नेतृत्व में बदलाव की कोई संभावना है या फिर नीतीश ही पार्टी के ‘कैप्टन’ बने रहेंगे।

