

गोपालगंज,निज संवाददाता। शहर के प्रताप मैरेज हाल में सामाजिक संस्था प्रकाश फाउंडेशन ने अपना प्रथम स्थापना दिवस भव्यता पूर्वक मनाया। इस अवसर पर उनके द्वारा एक सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया।उक्त कार्यक्रम सामाजिक सेवा व जनकल्याण के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में आयोजित हुआ। जिसमें जिले के कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए।

समारोह में बैकुंठपुर के विधायक मिथिलेश तिवारी सदर विधायक सुभाष सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप कुमार गिरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री तिवारी ने कहा कि उक्त संस्था समाज सेवा के सबसे निचले स्तर पर जाकर उन्हें मुख्य धारा में लाने का जो कार्य कर रही है। यह बहुत ही सराहनीय है। समाज के उन लोगों को जो सभी तरह की सुविधाओं से वंचित है,उन्हें शिक्षा जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही है। इस स्थापना दिवस पर उक्त कार्य करने वाले सभी सदस्यों को सम्मानित किया गया। वही जिलाध्यक्ष ने अपने संबोधन में प्रकाश फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था गरीब एवं असहाय बच्चों के बीच शिक्षा,भोजन और वस्त्र वितरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य निरंतर कर रही है,जो समाज के लिए प्रेरणादायक है। संस्था के संस्थापक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रकाश फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने सभी अतिथियों,सहयोगियों और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विधिक संघ के अध्यक्ष मुन्ना मिश्रा महासचिव मनोज मिश्रा,रवि प्रकाश मणि त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह का समापन प्रकाश गिरी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

