पटना 28 अगस्त (अशोक “अश्क”) बिहार पुलिस मुख्यालय ने प्रदेशभर में हाई अलर्ट जारी किया है। जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकी नेपाल के रास्ते बिहार में घुस आए हैं। इन आतंकियों की पहचान हसनैन अली (निवासी रावलपिंडी), आदिल हुसैन (उमरकोट) और मोहम्मद उस्मान (बहावलपुर) के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों के नाम, तस्वीरें और पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक कर दी है। बताया गया कि ये आतंकी अगस्त के दूसरे हफ्ते में काठमांडू पहुंचे और तीसरे हफ्ते में नेपाल सीमा पार कर बिहार में दाखिल हो गए। आशंका है कि ये किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों, विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्रों सीतामढ़ी, मधुबनी, पश्चिम चंपारण, अररिया, किशनगंज और सुपौल में सतर्कता बढ़ा दी है। भागलपुर समेत अन्य संवेदनशील जिलों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत स्थानीय थाने या पुलिस हेल्पलाइन को दें। सभी सुरक्षा एजेंसियाँ इन आतंकियों की तलाश में जुट गई हैं।
पुलिस मुख्यालय ने आतंकी पहचान संबंधी दस्तावेज सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों को भेज दिए हैं और खुफिया तंत्र को विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। चूंकि बिहार में विधानसभा चुनाव निकट हैं, ऐसे में राज्य को संवेदनशील मानते हुए पुलिस मुख्यालय ने हर स्तर पर चौकसी बरतने और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

