
पटना डेस्क। बिहार के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लिखे गए पत्र और बिहारवासियों के लिए दिए गए प्रेरणादायी संदेश पर बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आभार व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके संदेश में बिहार के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उज्ज्वल भविष्य की स्पष्ट झलक मिलती है, जो सभी बिहारवासियों के लिए प्रेरणादायक है।संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र ने देश को नई दिशा दी है और उनके मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में “विकसित बिहार” का संकल्प लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और आने वाले समय में प्रदेश तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बिहार दिवस पर देश और प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आज पूरा बिहार उत्साह और उल्लास के साथ स्थापना दिवस मना रहा है। राजधानी पटना के साथ-साथ राज्य के सभी जिलों और देश-विदेश में भी बिहार दिवस का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के समय से बिहार स्थापना दिवस को व्यापक स्तर पर मनाने की परंपरा शुरू हुई, जो आज जन-उत्सव का रूप ले चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार जल्द ही विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा। आर्थिक विकास दर, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में राज्य निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार दिवस के अवसर पर हम सभी अपनी समृद्ध विरासत को याद करते हुए विकसित बिहार के संकल्प को और मजबूत करने का संकल्प लें।

