
गोपालगंज,निज संवाददाता। जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बेखौफ बदमाशों ने पिकअप चालक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश गाड़ी में रखे करीब एक लाख रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए। पूरा मामला विजयीपुर थाना क्षेत्र के पगरा रोड स्थित खानुआ मोड़ के पास की है। जख्मी पिकअप चालक की पहचान यूपी के देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के खंडेछापर गांव निवासी कमरूदीन शेख का बेटा सैमुल्लाह शेख के रूप में की गई। दरअसल घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि जख्मी पिकअप चालक अपने पीकअप पर सब्जी लाद कर गोपालगंज आ रहा था। इसी बीच अज्ञात बदमाशों द्वारा विजयीपुर थाना क्षेत्र के पगरा रोड स्थित खानुआ मोड़ के पास के पास देर रात करीब 12 बजे गाड़ी को रुकवाकर उसके लुटपाट करने लगे जिसका विरोध करने पर बदमाशों ने उसके गर्दन में गोली मार दी और एक लाख रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ घायल ड्राइवर को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही हथुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद मोहन गुप्ता और विजयीपुर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंच छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले के तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान जल्द से जल्द की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

