
गोपालगंज,संवाददाता 14 जुलाई। अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच खाड़ी क्षेत्र में बढ़े सैन्य तनाव ने बिहार के गोपालगंज जिले के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दुबई में एक शिप पर कार्यरत थावे प्रखंड के एक युवक की कथित हमले में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक थावे बाजार निवासी जूता-चप्पल व्यवसायी संजय गुप्ता के 30 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार गुप्ता है। बता दें कि सोनू पिछले चार वर्षों से दुबई की एक शिपिंग कंपनी में कार्यरत थे और जहाज पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
परिजनों के अनुसार,सोमवार की रात सोनू के सहकर्मियों ने फोन कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अमेरिका-ईरान संघर्ष के दौरान क्षेत्र में हो रहे हमलों के बीच जहाज पर आग का गोला और मलबा गिर गया,जिसकी चपेट में आने से सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सहकर्मियों ने यह भी बताया कि लगातार हो रहे हवाई हमलों के कारण पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और जहाज पर मौजूद सभी कर्मी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। परिजनों का कहना है कि मंगलवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि सऊदी अरब के निकट हार्मुज समुद्री क्षेत्र में जहाज पर हुए कथित मिसाइल हमले में सोनू की जान चली गई। हालांकि घटना की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। परिजनों ने बताया कि सोनू करीब 20 दिन पहले ही छुट्टी बिताकर अपने घर थावे से आए थे। लगभग 20 दिनों तक परिवार के साथ समय बिताने के बाद दोबारा ड्यूटी पर दुबई लौटे थे। वह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके पिता संजय गुप्ता थावे बाजार में जूता-चप्पल की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मौत की खबर मिलते ही थावे के विदेशी टोला स्थित उनके घर में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना फैलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ उनके घर पहुंचने लगी। पूरे थावे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग सोनू के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त कर रहे हैं।

