पटना, 1 सितम्बर (अशोक “अश्क”) पटना में सोमवार को होने वाली वोटर अधिकार यात्रा के मद्देनजर गांधी मैदान की ओर जाने वाली सड़कों पर और गांधी मैदान के चारों ओर वाहन परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। यातायात पुलिस ने बताया कि सुबह सात बजे से ऑटो और ई-रिक्शा सहित निजी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। भीड़ बढ़ने पर निजी वाहनों को भी गांधी मैदान के आसपास रोक दिया जाएगा। हालांकि, इस दौरान इमरजेंसी वाहनों को आवाजाही की अनुमति रहेगी।
सुरक्षा को लेकर गांधी मैदान के चारों ओर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। डाकबंगला, आयकर गोलंबर और हड़ताली मोड़ के पास पुलिस के अलावा वाटर कैनन, व्रजवाहन और दमकल की गाड़ियां भी मौजूद रहेंगी।

सुबह 11 बजे गांधी मैदान से नेहरू पथ स्थित पटना उच्च न्यायालय के पास स्थित आंबेडकर मूर्ति पर विपक्षी नेताओं द्वारा माल्यार्पण कार्यक्रम भी आयोजित है। गांधी मैदान से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता डाकबंगला होते हुए आंबेडकर मूर्ति तक पहुंचेंगे।
यातायात पुलिस ने वोटर अधिकार यात्रा के कारण रूट प्लान जारी किया है। इसके अनुसार, सुबह सात बजे से गांधी मैदान के चारों ओर ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन बंद रहेगा। जंक्शन से गांधी मैदान की ओर ऑटो और ई-रिक्शा को जाने की अनुमति नहीं होगी। कुर्जी की तरफ से आने वाले वाहन गांधी मैदान की ओर नहीं जा सकेंगे और उन्हें एकता भवन से डायवर्ट कर दिया जाएगा।
रामगुलाम चौक से जेपी गोलंबर की ओर जाने वाले मार्ग और छज्जूबाग से गांधी मैदान की ओर मार्ग भी वाहनों के लिए बंद रहेंगे। वाहन चालक पुलिस लाइन के रास्ते गंतव्य स्थल की ओर जा सकते हैं। मछुआ टोली से गांधी मैदान की ओर भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
डाकबंगला पर वोटर अधिकार यात्रा के आगमन के समय भट्टाचार्या, स्वामीनंदन, स्टेशन गोलंबर और कोतवाली की तरफ से आने वाले सभी प्रकार के वाहनों को डायवर्ट कर दिया जाएगा। डाकबंगला की ओर कोई भी वाहन नहीं आ सकेगा।
17 अगस्त से विभिन्न जिलों से शुरू हुई वोटर अधिकार यात्रा 1 सितंबर को पटना पहुंचेगी। इस यात्रा में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य विपक्षी दलों के नेता भी शामिल होंगे।
वोटर अधिकार यात्रा के कारण गांधी मैदान के आसपास के कई स्कूल सोमवार को बंद रहेंगे। स्कूलों ने अभिभावकों को सोशल मीडिया के जरिए सूचना दी है ताकि बच्चों को आने-जाने में परेशानी न हो। गांधी मैदान स्थित संत जेवियर्स, क्राइस्ट चर्च डायोसेसन स्कूल और संत जोसेफ बांकीपुर जैसे स्कूल पहले ही बंद रहने की घोषणा कर चुके हैं।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद यातायात पुलिस सामान्य परिचालन शुरू कर देगी।

