समस्तीपुर, 5 सितम्बर (राजेश झा) बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा चलाए जा रहे राजस्व महाभियान के अंतर्गत गुरुवार को रोसड़ा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 स्थित अहिवरण धर्मशाला प्रांगण में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर थाना संख्या 69 के अंतर्गत आने वाले जमाबंदी पंजी के लाभार्थियों को जमाबंदी पर्ची वितरित की गई।

शिविर में आए लाभार्थियों को बताया गया कि जिन लोगों की जमीन से संबंधित खाता, खेसरा या छूटे हुए रकवा ऑनलाइन अभिलेखों में दर्ज नहीं हुए हैं, वे आवश्यक कागजात के साथ आवेदन जमा करें। इसके बाद अभिलेखों को अद्यतन कर उन्हें पर्ची उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि भूमि संबंधी सभी कागजातों का डिजिटलीकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

नगर परिषद की मुख्य पार्षद मीरा सिंह और पूर्व चेयरमैन सह वर्तमान वार्ड पार्षद श्याम बाबू सिंह ने कहा कि इस महाभियान के माध्यम से आमजन को अपनी जमीन से जुड़े कागजात ऑनलाइन उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि पहले लोगों को राजस्व कार्यालय और अंचल स्तर पर कई-कई बार चक्कर लगाना पड़ता था, लेकिन अब प्रक्रिया पारदर्शी और सरल होगी।जमाबंदी पर्ची पाकर उपस्थित कई लाभार्थियों ने संतोष व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना था कि इस व्यवस्था से अब न केवल समय और पैसा बचेगा, बल्कि बिचौलियों पर भी अंकुश लगेगा। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को उनकी भूमि से संबंधित सभी अभिलेख समय पर और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हों।

