समस्तीपुर, 08 सितम्बर (राजेश झा) जिला समाहरणालय समस्तीपुर में अपर समाहर्ता श्री ब्रजेश कुमार की अध्यक्षता में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्पन्न हुई। बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में अगस्त 2025 तक की राजस्व वसूली की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कई विभागों ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक राजस्व अर्जित किया, जबकि कुछ की उपलब्धि अपेक्षित स्तर से कम रही। जिलाधिकारी द्वारा ऐसे विभागों को लक्ष्य प्राप्ति हेतु विशेष प्रयास करने का निर्देश दिया गया।

म्यूटेशन कार्य की समीक्षा में बताया गया कि जिले में अब तक कुल 37,565 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 31,520 स्वीकृत, 3,938 रिवर्टेड तथा 6,045 लंबित हैं। इनमें से 4,719 आवेदन 20 दिनों से अधिक समय से लंबित पाए गए। अपर समाहर्ता ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में Parimarjan Plus, ROR Verification, सरकारी भूमि सत्यापन, Abhiyan Basera-2, आधार सीडिंग, ई-मैपिंग, RCMS अपील, Rent Collection एवं LPC जैसे बिंदुओं पर भी गहन चर्चा हुई।
अपर समाहर्ता ने कहा कि सभी ऑनलाइन सेवाओं को पारदर्शी व जनसुलभ बनाया जाए तथा साप्ताहिक समीक्षा नियमित रूप से की जाए।

