पटना, 10 सितम्बर (अशोक “अश्क”) राजधानी के गांधी मैदान थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर इजहार अली को एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने मंगलवार की रात सस्पेंड कर दिया। उन पर आरोप है कि उन्होंने वाहन चेकिंग के दौरान 20 लाख रुपये की बरामदगी की जानकारी सही ढंग से वरीय अधिकारियों को नहीं दी और उसमें से 17.50 लाख रुपये की हेराफेरी कर ली।
मामला गांधी मैदान थाने के जेपी गोलंबर इलाके का है, जहां वाहन चेकिंग के दौरान मधुबनी निवासी किशोर राउत की बाइक से करीब 20 लाख रुपये बरामद हुए थे। किशोर राउत फिलहाल बुद्धा कॉलोनी क्षेत्र में रहते हैं।

सब इंस्पेक्टर इजहार अली ने वरीय अधिकारियों को केवल 2.50 लाख रुपये की बरामदगी की जानकारी दी और बाकी 17.50 लाख रुपये की कथित हेराफेरी कर ली।
आरोप है कि इजहार अली ने किशोर राउत से सादे कागज पर यह लिखवाया कि उसके पास सिर्फ 2.50 लाख रुपये थे और वही उसे लौटा दिए गए। इसके बाद किशोर को छोड़ दिया गया।
लेकिन जब यह मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आया, तो शक गहराया और जांच शुरू की गई।
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने पुष्टि करते हुए कहा, “बरामद राशि की सही सूचना नहीं देने और हेराफेरी के आरोपों के कारण सब इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।”
सिटी एसपी दीक्षा ने बताया कि बरामद रकम में हेराफेरी की बात सामने आई है और विस्तृत जांच की जा रही है।
हेराफेरी के खुलासे के बाद किशोर राउत को दोबारा थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, जांच का दायरा बढ़ाते हुए यह भी पता लगाया जा रहा है कि वास्तविक बरामद रकम 20 लाख से ज्यादा थी या नहीं।
अगर आरोप सिद्ध होते हैं तो सब इंस्पेक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

