नई दिल्ली, 16 सितम्बर (अशोक “अश्क”) भोजपुरी मनोरंजन जगत में पहली बार बड़े पैमाने पर रियलिटी शो “प्यार का पंचायत” की घोषणा हुई है, जो 2026 में टीवी और ओटीटी दोनों प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होगा। इस शो में कुल 16 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे, जो प्यार, दोस्ती और चुनौतियों से भरे सफर में अपनी काबिलियत साबित करेंगे। इसका स्वरूप एमटीवी के चर्चित शो “स्प्लिट्सविला” से मिलता-जुलता होगा।

शो की मेजबानी भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अदाकारा डिंपल सिंह और अभिनेता राहुल दोस्त करेंगे। निर्देशन की जिम्मेदारी बंटी दुबे और सुनील मझी को सौंपी गई है। इस अनोखे शो का निर्माण एआर 7 एंटरटेनमेंट द्वारा किया जा रहा है, जबकि प्रोडक्शन मैनेजर की भूमिका अजय निगम निभाएंगे।
अब तक भोजपुरी इंडस्ट्री मुख्य रूप से फिल्मों और म्यूजिक एल्बम्स तक सीमित थी, लेकिन “प्यार का पंचायत” इस सीमा को तोड़ते हुए भोजपुरी भाषा, संस्कृति और युवाओं की पहचान को नए रूप में सामने लाएगा। इस पहल से भोजपुरी दर्शकों को मातृभाषा में वही रियलिटी एंटरटेनमेंट मिलेगा, जो अब तक हिंदी दर्शकों को ही उपलब्ध था।
इस शो के बाद एआर7 फिल्म्स बिग बॉस फॉर्मेट पर आधारित एक और रियलिटी शो की योजना बना रहा है, जिसकी शूटिंग जुलाई 2026 में उत्तर प्रदेश में शुरू होगी। इसमें 15 कलाकार, 4 निर्देशक और एक प्रसिद्ध भोजपुरी अभिनेत्री बतौर होस्ट होंगी। विजेता को 11 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।

