समस्तीपुर, 18 सितंबर (राजेश झा) विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर समस्तीपुर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। इस सिलसिले में गुरुवार को समाहरणालय परिसर से पिंक स्कूटी रैली निकाली गई। रैली का उद्घाटन उप विकास आयुक्त शैलजा पांडे ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में भाग लेने वाली महिला पर्यवेक्षिकाएँ और सेविकाएँ गुलाबी परिधान में स्कूटी पर सवार थीं और उनके स्कूटी पर सजे हुए स्लोगन और हाथों में बैनर लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे थे।

रैली के दौरान “वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है”, “मतदान है हमारा अधिकार”, “पहले मतदान, फिर जलपान” जैसे जागरूकता के नारे गूंजते रहे। उप विकास आयुक्त शैलजा पांडे ने कहा कि मतदान न केवल हमारा अधिकार है, बल्कि यह लोकतंत्र को मजबूत बनाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी भी है। महिला सेविकाओं की यह पहल आगामी चुनाव में वोट प्रतिशत बढ़ाने में सहायक होगी।

