बक्सर, 18 सितम्बर (विक्रांत) दानापुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग की टीम ने दानापुर स्टेशन पर गाड़ी संख्या 12792, 19483 और 13257 के पैंट्रीकारों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गाड़ी संख्या 13257 के पैंट्रीकार से कुल 60 अवैध पानी की बोतलें बरामद हुईं, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर नष्ट कर दिया गया।

दूसरी ओर, आरा स्टेशन पर भी गाड़ी संख्या 12142 पाटलीपुत्र-लोकमान्यतिलक टर्मिनल एक्सप्रेस के पैंट्रीकार से 30 कार्टून अवैध पानी की बोतलें पकड़ी गईं। भारतीय रेलवे द्वारा अनुमोदित ब्रांड ‘रेल नीर’ को छोड़कर किसी भी अन्य पानी की बोतल की बिक्री पैंट्रीकार में अनुमति नहीं है।

दानापुर मंडल द्वारा यह जांच नियमित रूप से जारी रखने का निर्णय लिया गया है ताकि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्रदान की जा सकें। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि दानापुर मंडल यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के साथ हर प्रकार की सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस संबंध में जन संपर्क अधिकारी ने जानकारी दी कि ऐसे निरीक्षणों से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि यात्रियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े और उन्हें केवल मान्यता प्राप्त उत्पाद ही उपलब्ध हों।

