नई दिल्ली 19 सितम्बर (अशोक “अश्क”) शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने निर्देशन की दुनिया में धमाकेदार एंट्री कर ली है। उनकी पहली वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। इस सीरीज़ को आर्यन ने बिलाल सिद्दीकी और मानव चौहान के साथ मिलकर लिखा है। यह सीरीज साल की सबसे चर्चित वेब सीरीज में से एक बन गई है।
हालांकि, सीरीज के रिलीज होते ही फैंस को एक बड़ी कमी खल गई तमन्ना भाटिया का बहुप्रतीक्षित गाना ‘गफूर’ इसमें नहीं दिखा।

प्रमोशन के दौरान ‘गफूर’ गाने को काफी हाइलाइट किया गया था, जिससे दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई थी। तमन्ना को एक बार फिर आइटम सॉन्ग में देखने की उम्मीद लगाए बैठे फैंस को तब झटका लगा जब 7 एपिसोड की इस सीरीज में यह गाना कहीं नजर नहीं आया।
इसको लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। कुछ यूज़र्स ने अनुमान लगाया कि शायद गाना फाइनल एडिटिंग के दौरान हटा दिया गया हो।
अब ‘रेड चिलीज एंटरटेनमेंट’ ने खुद सच्चाई बताई है। उन्होंने X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि ‘गफूर’ गाना शो का हिस्सा नहीं था, बल्कि यह एक प्रमोशनल वीडियो है।
पोस्ट के मुताबिक, यह गाना पहले 15 सितंबर को रिलीज होना था लेकिन तकनीकी कारणों से देरी हो गई। अब यह गाना 19 सितंबर, शुक्रवार को दोपहर 3 बजे रिलीज किया जाएगा।
गाने का एक अलग वर्जन शो में जरूर सुनाई देता है, लेकिन तमन्ना वाला पूरा ट्रैक एक स्पेशल वीडियो के तौर पर लॉन्च होगा।
इस वेब सीरीज़ में लक्ष्य, बॉबी देओल, आन्या सिंह, मनोज पाहवा, सहर बाम्बा, राघव जुयाल और मोना सिंह जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं।

