नई दिल्ली, 21 सितम्बर (अशोक “अश्क”) कर्नाटक सरकार ने आलंद विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने के आरोपों की जांच के लिए शनिवार को एक विशेष जांच दल (SIT) गठित करने का निर्णय लिया है। यह फैसला कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस आरोप के बाद लिया गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि आलंद में हजारों मतदाताओं के नाम जानबूझकर हटाए गए और मुख्य चुनाव आयुक्त “वोट चोरों” को संरक्षण दे रहे हैं।

सरकारी आदेश के मुताबिक, इस SIT का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (CID) करेंगे। उनके साथ दो पुलिस अधीक्षक रैंक के अधिकारी भी जांच में शामिल होंगे। टीम इस पूरे मामले की गहराई से जांच करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह मामला तब सामने आया जब कांग्रेस विधायक बी. आर. पाटिल ने शिकायत दर्ज कराई कि 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले उनके क्षेत्र के 256 मतदान केंद्रों से 6,670 मतदाताओं के नाम कथित रूप से अवैध रूप से हटाए गए थे।
राजनीतिक और प्रशासनिक रूप से यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि SIT की जांच में क्या सामने आता है और क्या इससे भविष्य में चुनावी प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जा सकेगा।

