समस्तीपुर, 24 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर अनुमंडल सभाकक्ष में अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) दिलीप कुमार की अध्यक्षता में आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2025 और त्योहारों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना अध्यक्ष, अंचलाधिकारी, अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

बैठक में चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सुरक्षा तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। SDM ने मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, गश्त व्यवस्था, सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी की रणनीति पर बल दिया।
इसके साथ ही आगामी दुर्गा पूजा और रावण दहन जैसे पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। पूजा पंडालों और मेलों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, बिजली, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
SDM दिलीप कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनावी प्रक्रिया और त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था की समस्या न उत्पन्न हो, इसके लिए समय पर समन्वय और सतर्कता बरती जाए।

