नई दिल्ली, 28 सितम्बर (अशोक “अश्क”) गानों के दीवानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। भारत के सबसे लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शोज़ में से एक ‘इंडियन आइडल’ अपने 16वें सीजन के साथ वापस लौट रहा है। इस सीजन की थीम ‘यादों की प्लेलिस्ट’ रखी गई है, जो दर्शकों को पुराने हिट गानों की दुनिया में एक इमोशनल और म्यूजिकल सफर पर ले जाने वाली है।

इंडियन आइडल सीजन 16 का पहला प्रोमो हाल ही में जारी किया गया है, जिसे देखकर फैंस की उत्सुकता और भी बढ़ गई है। शो का प्रसारण 18 अक्टूबर 2025 से हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर किया जाएगा। इसके साथ ही दर्शक इसे Sony LIV पर भी स्ट्रीम कर सकेंगे।
इस बार के सीजन की सबसे खास बात इसकी थीम है – ‘यादों की प्लेलिस्ट’, जो पुराने हिट गानों को एक नए अंदाज में पेश करने जा रही है। यह शो सिर्फ गायकी की प्रतियोगिता नहीं रहेगा, बल्कि एक भावनात्मक यात्रा भी होगी, जिसमें कंटेस्टेंट्स के साथ दर्शकों को भी अपने बचपन, पुराने रिश्तों और भूली-बिसरी यादों से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।
इस सीजन के जजेस पैनल में तीन बड़े नाम शामिल किए गए हैं – विशाल ददलानी, श्रेया घोषाल और पहली बार इस मंच पर नजर आएंगे फेमस रैपर बादशाह। तीनों मिलकर न केवल प्रतियोगियों को गाइड करेंगे, बल्कि अपने-अपने अंदाज़ में पुराने गीतों को फिर से जीवंत भी करेंगे।
शो की शुरुआत साल 2004 में हुई थी और तब से यह भारत का सबसे चर्चित सिंगिंग शो बना हुआ है। इस शो ने नेहा कक्कड़, सलमान अली सनी हिंदुस्तानी जैसे कई प्रतिभाशाली सिंगर्स को मंच और पहचान दी है।
हालांकि इस सीजन को लेकर एक बड़ा सवाल भी चर्चा में है क्या जजेस और होस्ट की नई केमिस्ट्री दर्शकों को पसंद आएगी? क्या शो की नई थीम और क्रिएटिव बदलाव इसकी TRP को बढ़ाएंगे या फिर यह प्रयोग मेकर्स पर भारी पड़ सकता है?
इसका जवाब तो शो के ऑन-एयर होने के बाद ही मिलेगा, लेकिन फिलहाल प्रोमो ने दर्शकों की उम्मीदें जरूर बढ़ा दी हैं।

