समस्तीपुर, 28 सितंबर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर के ताजपुर अंचल कार्यालय में रजिस्टर टू में हेराफेरी कर मो. सालिम तौहीदी का नाम हटाने के विरोध में भाकपा माले के बैनर तले चल रहा अनशन शनिवार रात समाप्त हो गया। शहवाज तौहीदी, वसाम तौहीदी और मुखलिस तौहीदी द्वारा 24 सितंबर से चल रहे इस अनशन को अनुमंडलाधिकारी दिलीप कुमार द्वारा 15 अक्टूबर तक जांच कर कार्रवाई का लिखित आश्वासन देने के बाद अंचलाधिकारी आरती कुमारी ने जूस पिलाकर समाप्त कराया।

मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिनमें भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि अंचल कार्यालय भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। सबसे सुरक्षित माने जाने वाले भू-अभिलेखों में हेराफेरी हो रही है और बिना दाखिल-खारिज के जमाबंदी कायम की जा रही है। अधिकारी शिकायतों पर भी कोई कार्रवाई नहीं करते। उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालय दलालों और भूमाफियाओं के कब्जे में है।
अनशनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर 15 अक्टूबर तक कार्रवाई नहीं हुई तो जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। आंदोलन को सत्याग्रह के रास्ते पर आगे बढ़ाया जाएगा।

