नई दिल्ली, 29 सितम्बर (अशोक “अश्क”) इंजीनियरिंग के क्षेत्र में सरकारी अधिकारी बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक बेहतरीन मौका आया है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 2026 (ESE) के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत कुल 474 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

आवेदन प्रक्रिया UPSC की वेबसाइट upsconline.nic.in पर 26 सितंबर 2025 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 16 अक्टूबर 2025, शाम 6 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पात्रता की बात करें, तो उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। आयु सीमा 21 से 30 वर्ष निर्धारित है, जिसमें आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में होगी: प्रीलिम्स, मेंस और इंटरव्यू। आवेदन शुल्क 200 रुपये है, जबकि महिलाएं, एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन निःशुल्क रहेगा।
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को वेबसाइट पर जाकर पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा, फिर जरूरी दस्तावेज़, फोटो, हस्ताक्षर अपलोड करके आवेदन फॉर्म सब्मिट करना होगा। आवेदन के बाद उसका प्रिंटआउट निकालना न भूलें।
यूपीएससी ESE 2026 की यह भर्ती इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स के लिए सुनहरा अवसर है।
















