नालंदा, 29 सितम्बर (अविनाश पांडेय) नवादा और नालंदा जिलों के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय ने 492.14 करोड़ रुपये की लागत से 25.10 किलोमीटर लंबी नवादा–पावापुरी नई रेल लाइन के निर्माण को स्वीकृति दी है। इस परियोजना से क्षेत्र में यातायात और पर्यटन दोनों को नई गति मिलेगी।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रेल लाइन के बन जाने से प्रमुख जैन तीर्थस्थल पावापुरी को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे पारसनाथ और पावापुरी के जल मंदिर के बीच आवागमन सुगम होगा। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और सड़क परिवहन पर निर्भरता घटेगी।
यह परियोजना नवादा-नालंदा-राजगीर क्षेत्र में यात्रा समय को कम करेगी और राजगीर व बिहार शरीफ से बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी। साथ ही, यह रेलमार्ग कादिरगंज के पारंपरिक रेशम उद्योग और भागलपुर के व्यापारिक केंद्रों से जुड़कर आर्थिक गतिविधियों को बल देगा।
इसके अलावा, यह रेललाइन नालंदा विश्वविद्यालय और बोधगया तक आसान पहुंच सुनिश्चित करेगी। परियोजना के दौरान स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को मजबूती मिलेगी।

