समस्तीपुर, 29 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) जनसुराज के भावी उम्मीदवार इंदु गुप्ता ने बताया कि पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी द्वारा भेजे गए 100 करोड़ के मानहानि नोटिसका कानूनी और तथ्यों पर आधारित जवाब दे दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर की ओर से अधिवक्ता देवाशीष गिरि ने नोटिस को राजनीतिक रूप से प्रेरित और निराधार बताया है।

जवाब में दावा किया गया है कि अशोक चौधरी की बेटी शांभवी चौधरी द्वारा खरीदी गई संपत्तियों में भुगतान की प्रक्रिया और डीड की जानकारी में गंभीर विसंगतियां हैं।
इंदु गुप्ता ने आरोप लगाया कि ये संपत्तियां वास्तव में अशोक चौधरी की ही हैं, जिन्हें परिवार के नाम पर खरीदा गया। साथ ही उन्होंने चौधरी पर दल-बदल की राजनीति और राजनीतिक अवसरवादिता का आरोप भी लगाया।
उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर द्वारा उठाए गए सवाल जनहित में हैं और उन्हें दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

