समस्तीपुर, 29 सितंबर (राजेश झा) सोमवार को समस्तीपुर के रोसड़ा स्थित प्रसिद्ध बड़ी मैया मंदिर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। विधि-विधान के साथ बड़ी मैया का पट खोला गया, जिससे मंदिर परिसर “जय मां दुर्गा” के जयकारों से गूंज उठा।

सुबह से ही आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए उमड़े। कई घंटों के इंतजार के बाद पट खुलने पर श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी और संतोष झलक रहा था। परंपरा के अनुसार महिला श्रद्धालुओं ने खौईछ भाराई की, पूजा की थाली लेकर मंगलगीत गाते हुए मां के दरबार में आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूजा समिति और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किए गए थे। स्वयंसेवक भी श्रद्धालुओं की सुविधा में सक्रिय रहे।
स्थानीय लोग बताते हैं कि बड़ी मैया का पट खुलना पूरे क्षेत्र के लिए पर्व जैसा होता है और शारदीय नवरात्र में दूर-दराज से श्रद्धालु यहां मनोकामनाएं लेकर आते हैं।

