नई दिल्ली, 30 सितंबर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस वर्ल्ड ऐश्वर्या राय बच्चन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह ग्लैमर और ग्रेस की बेमिसाल मिसाल हैं। पेरिस फैशन वीक के दौरान ऐश्वर्या ने अपने स्टाइल, आत्मविश्वास और एलीगेंस से न सिर्फ भारतीय प्रतिनिधित्व किया, बल्कि पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा।

एक प्रतिष्ठित ग्लोबल ब्यूटी ब्रांड का प्रतिनिधित्व करते हुए ऐश्वर्या ने हॉलीवुड की कई चर्चित हस्तियों के साथ रैंप वॉक किया। उन्होंने ब्लैक कलर के एलिगेंट आउटफिट में रैंप पर कदम रखा, जिसकी खासियत थी हीरों से जड़ी आस्तीनें और कढ़ाईदार बैक डिज़ाइन। उनके लुक को निखारा एक हीरा-पन्ना जड़ित ब्रोच ने, जबकि उनके क्लासिक रेड लिप्स ने पूरे लुक को बोल्ड और रॉयल बना दिया।
रैंप वॉक के दौरान ऐश्वर्या पूरे कॉन्फिडेंस और आकर्षण के साथ नजर आईं। रैंप के बाद उन्हें इंटरनेशनल सुपरमॉडल्स और एक्ट्रेसेज़ के साथ मंच साझा करते, मस्ती करते और तस्वीरें खिंचवाते देखा गया। बैकस्टेज वीडियो में ऐश्वर्या को हेइडी क्लम और अन्य सितारों के साथ बातचीत और पोज़ देते देखा गया, जहां उनका दोस्ताना और प्रोफेशनल स्वभाव भी सामने आया।
एक खास वीडियो में ऐश्वर्या ओवरसाइज़्ड नीले ट्रेंच कोट में रैंप वॉक की प्रैक्टिस करती नजर आईं, जिसने उनके अंदाज में और भी नाटकीयता भर दी।
इस खास ट्रिप पर उनकी बेटी आराध्या बच्चन भी उनके साथ थीं। एक वीडियो में आराध्या अपनी मां के पीछे-पीछे चलती, फैंस से मुस्कुराकर मिलती और पूरी सजगता से अपनी मां को रैंप पर चलते हुए देखती नजर आईं। मां-बेटी की यह बॉन्डिंग सभी का दिल जीतने वाली रही।
इवेंट में ऐश्वर्या की पुरानी दोस्त और हॉलीवुड अभिनेत्री ईवा लोंगोरिया से मुलाकात भी चर्चा में रही। दोनों को गले मिलते और गर्मजोशी से बात करते देखा गया।
पिछले कई वर्षों से ऐश्वर्या राय बच्चन इस लग्ज़री ब्यूटी ब्रांड का चेहरा रही हैं और कान्स फिल्म फेस्टिवल जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करती रही हैं।
इस बार भी उन्होंने अपने करिश्मा, एलिगेंस और इंटरनेशनल अपील से साबित किया कि वह क्यों आज भी एक ग्लोबल फैशन आइकन हैं।

