नई दिल्ली, 30 सितंबर (अशोक “अश्क”) साल 2022 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाया, बल्कि आलिया भट्ट को एक्टिंग के शिखर पर भी पहुंचा दिया। इस फिल्म में उन्होंने जिस तरह से गंगूबाई का किरदार निभाया, उसने दर्शकों को झकझोर कर रख दिया। आज भी लोग उनकी परफॉर्मेंस को भूल नहीं पाए हैं।

हालांकि, कम ही लोग जानते हैं कि इस फिल्म के लिए आलिया भट्ट पहली पसंद नहीं थीं। निर्देशक संजय लीला भंसाली की पहली पसंद थीं रानी मुखर्जी, जिनके साथ उन्होंने पहले भी दो फिल्में की थीं। गंगूबाई के लिए भी भंसाली ने रानी के साथ तीसरी फिल्म की योजना बनाई थी, लेकिन बात नहीं बन सकी।
इसके बाद फिल्म प्रियंका चोपड़ा को ऑफर की गई। वह पहले भंसाली की ‘बाजीराव मस्तानी’ में काम कर चुकी थीं और गंगूबाई के किरदार के लिए परफेक्ट मानी जा रही थीं। लेकिन हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स में व्यस्तता के कारण प्रियंका इस फिल्म का हिस्सा नहीं बन सकीं।
आख़िरकार ये रोल आलिया भट्ट के हिस्से में आया और उन्होंने इस मौके को पूरी तरह भुना लिया। गंगूबाई बनकर आलिया ने इतिहास रच दिया। इस किरदार के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
फिल्म में सुपरस्टार अजय देवगन का भी कैमियो था, लेकिन आलिया की दमदार परफॉर्मेंस के आगे उनका रोल भी फीका पड़ गया। गंगूबाई की कहानी, उसका साहस और आत्मसम्मान दर्शकों के दिल में उतर गया और आलिया की परफॉर्मेंस को यादगार बना गया।
‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ ने साबित कर दिया कि जब रोल सही एक्टर को मिलता है, तो वह किरदार अमर हो जाता है और आलिया ने इस किरदार को अपनी एक्टिंग से अमर कर दिया।

