बक्सर, 30 सितंबर (विक्रांत) आज दानापुर मंडल कार्यालय के सभागार में सितंबर माह-2025 में सेवानिवृत्त हुए 15 रेलकर्मियों को “समापक भुगतान एवं विदाई” कार्यक्रम के अंतर्गत सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अतुल कुमार द्वारा की गई। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अंगवस्त्र व समापक भुगतान से संबंधित दस्तावेज सौंपे और उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध भविष्य की कामना की। श्री कुमार ने सभी कर्मचारियों को सलाह दी कि वे अपनी समापक राशि को सुरक्षित और समझदारी से निवेश करें तथा किसी असुरक्षित योजना में निवेश से बचें।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित एक्युप्रेशर एवं आयुर्वेद विशेषज्ञों ने कर्मचारियों को स्वस्थ व दीर्घायु जीवन जीने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन में संतुलित आहार, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अपनाने पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर मंडल के अन्य अधिकारी, ई.सी.आर.ई.यू. (पूर्व मध्य रेलवे कर्मचारी संघ) एवं एस.सी./एस.टी. एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। विदाई समारोह का वातावरण भावनात्मक एवं सम्मान से परिपूर्ण रहा।

