समस्तीपुर, 1 अक्तूबर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर जिले के पूसा प्रखंड के ठहरा पंचायत वार्ड संख्या 11 में पिछले कई दिनों से बंद पड़ी नल जल योजना की जलापूर्ति को लेकर सोमवार को शहीद-ए-आज़म भगत सिंह अंबेडकर विचार मंच के नेतृत्व में ग्रामीणों ने आंदोलन किया। आंदोलन शुरू होने के महज एक घंटे बाद जलापूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।

पंचायत संयोजक कॉमरेड दीप नारायण राय की अगुवाई में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने जल स्थल पर इकट्ठा होकर इस सफलता को जनता और आंदोलन की जीत बताया। मौके पर एक जीत सभा का आयोजन किया गया, जिसमें मंच के जिला संयोजक कॉमरेड राम कुमार ने कहा कि “दशहरा और भीषण गर्मी में जलापूर्ति चालू कराना आम लोगों की एक बड़ी जीत है।”
सभा को मजदूर, किसान, छात्र, युवा और सामाजिक संगठनों से जुड़े सैकड़ों लोगों ने संबोधित किया। इसमें मुंशी लाल राय, ब्रज किशोर राय, शशि रंजन, रवि रंजन, मोहम्मद जमशेद सहित कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

