समस्तीपुर, 2 अक्टूबर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर शहर के मालगोदाम चौक से मंगलवार को शहीद-ए-आज़म भगत सिंह अंबेडकर विचार मंच की ज़िला कमेटी के बैनर तले जन दावेदारी मार्च निकाला गया। मार्च का नेतृत्व ज़िला संयोजक कॉमरेड राम कुमार ने किया। यह मार्च विभिन्न मार्गों से होकर स्टेशन चौक स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर पहुंचा, जहां माल्यार्पण सह संकल्प सभा का आयोजन किया गया।

सभा की अध्यक्षता भी कॉमरेड राम कुमार ने की। इस दौरान मंच के ज़िला कमेटी सदस्य मोहम्मद मुस्ताक, शमशेर अहमद, शंकर महतो, अरविंद कुमार राय, शिवकुमारी देवी, सोनिया देवी, युवा नेता रवि रंजन, सुजीत कुमार, कृष्ण कुमार समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी रही।
सभा में सभी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री, क्रांतिकारी भगत सिंह और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को अपनाने तथा उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।
मार्च और सभा के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय, समानता और शोषणमुक्त समाज की स्थापना की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के दौरान “इंकलाब जिंदाबाद”, “अंबेडकर अमर रहें” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।

