समस्तीपुर, 1 अक्टूबर (निज संवाददाता) गांधी जयंती के उपलक्ष्य में समस्तीपुर जिला गंगा समिति, जिला प्रशासन एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में “स्वच्छ भारत दिवस कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत बूढ़ी गंडक नदी के प्रसाद घाट (खाटू श्याम मंदिर के समीप) पर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश, डीपीओ नमामि गंगे नीरजेश कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी विवेक कुमार समेत बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मियों और स्वयंसेवकों ने घाटों की सफाई में भाग लिया।

डीपीओ नीरजेश कुमार ने उपस्थित लोगों को नदियों और जलाशयों को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई। साथ ही, प्लास्टिक मुक्त नदियों की दिशा में कदम बढ़ाते हुए स्वच्छता कर्मियों के बीच कपड़े के थैले वितरित किए गए। इसके अलावा, लोगों को जागरूक करने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश ने आमजन से अपील की कि वे नदियों और जल स्रोतों में कचरा न डालें और स्वच्छता में सहभागी बनें।
इस अभियान में सफाई इंस्पेक्टर मनोज कुमार, मो. अलिशेर, विपिन कुमार, सफाई जमादार मो. हाफिज, बबलू कुमार, वार्ड सुपरवाइजर रूपेश कुमार सहित कई लोगों ने योगदान दिया।

