समस्तीपुर, 3 अक्तूबर (निज संवाददाता) समस्तीपुर शहर के एक निजी विवाह भवन में शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की विधानसभा स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें “बूथ जीतो, चुनाव जीतो” का नारा प्रमुखता से उभरा। बैठक की अध्यक्षता स्थानीय विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने की।

अपने संबोधन में विधायक शाहीन ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि यदि बिहार में कोई संगठन अनुशासन, आत्मविश्वास और जनसेवा का प्रतीक है, तो वह है राजद। उन्होंने कहा कि आज के समय में बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है।
विधायक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर बूथ पर जाकर मतदाताओं से सीधा संवाद करें और पार्टी की नीतियों को उनके सामने रखें। उन्होंने कहा कि “राजद ए टू जेड की पार्टी है”, और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का काम करती है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी का संदेश पहुंचाएंगे और आगामी चुनाव में राजद को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत से जुटेंगे।

