नालंदा, 3 अक्टूबर (अविनाश पांडेय) बिहार में रेल कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नवादा–पावापुरी नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दे दी है। यह रेल लाइन 25.10 किलोमीटर लंबी होगी और इसके निर्माण पर लगभग ₹492.14 करोड़ की लागत आएगी।

यह प्रस्ताव भारतीय रेल की अम्ब्रेला वर्क्स योजना 2024-25 के अंतर्गत रखा गया था। इसके पूरा होने पर पावापुरी, जो कि एक प्रमुख जैन तीर्थ स्थल है, को नवादा से सीधे रेल मार्ग से जोड़ा जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।
यह परियोजना न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि नवादा–नालंदा–राजगीर क्षेत्र में यात्रा को भी सुगम बनाएगी। साथ ही कादिरगंज के रेशमी उद्योग को बड़े बाजारों तक पहुँच मिलेगी और भागलपुर तक व्यापारिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी।
बोधगया जैसे शैक्षणिक और सांस्कृतिक स्थलों तक पहुंच को सरल बनाकर शिक्षा और सांस्कृतिक पर्यटन को भी मिलेगा। इसके अलावा, रजौली में प्रस्तावित 2000 मेगावाट परमाणु ऊर्जा संयंत्र सहित अन्य क्षेत्रीय विकास योजनाओं को बल मिलेगा।
नवादा के सांसद विवेक ठाकुर ने इस स्वीकृति पर हर्ष जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना बिहार में रेल क्रांति का प्रतीक बनेगी और नवादा व नालंदा के लाखों लोगों के जीवन को बदल देगी।

