गोपालगंज, 4 अक्तूबर (निज संवाददाता) जिला मुख्यालय में स्थित मॉडल अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड तालाब बन कर रह गया है। इस वार्ड में मरीज के बेड के नीचे जहां एक फिट पानी लगा हुआ है। वही डॉक्टर कंपाउंडर व मरीज के तीमारदार सब घुटने भर पानी में इलाज से लेकर मरीज की देखभाल तक कर रहे हैं।

शुक्रवार की शाम से शुरू हुई तेज हवा के साथ बारिश ने शहर से लेकर सड़क व अस्पताल तक की स्थिति बदल दी है। इस बरसात के चलते आईएसओ प्रमाणित सदर अस्पताल पानी-पानी हो गया है। चारों ओर जलजमाव के कारण इस मॉडल अस्पताल में मरीज व उनके तीमारदार परेशान हैं। उन्हें आवागमन करने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इमरजेंसी वार्ड परिसर में जलजमाव मरीज व उनके परिजन के लिए और भी कष्टदायी बना दिया है। नाले का गंदा पानी के साथ मेडिकल बेस्ट कचरा परिसर में फैल जाने के कारण मरीजों में संक्रमण का भय भी मरीजों को सता रहा है।

शाम से हो रही 18 घन्टे लगातार झमाझम बारिश के कारण सदर अस्पताल के मरीजों व स्वाथ्यकर्मियों को अधिक परेशानी हो रही है। सुबह से हो रही बारिश के कारण जलजमाव ने व्यवस्था की पोल खोल दी है। नाले का गंदा पानी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड समेत पूरे परिसर में फैला हुआ है। पानी की वजह से मरीज से लेकर कर्मी व डॉक्टर सभी लोग परेशान है। इलाज कराने आए मरीज के परिजन का कहना है कि यहां ड्रेनेज सिस्टम ठीक नहीं होने के कारण थोड़ी सी बारिश से अस्पताल में पानी भर जाता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के चलते प्राय: हर बारिश के बाद पूरा सदर अस्पताल झील बन जाता है।

अस्पताल प्रबंधक ने बताया कि”सदर अस्पताल परिसर में बरसात में जलजमाव की स्थिति नहीं हो इसके लिए संबंधित विभाग को अवगत कराया गया है। लो लैंड की समस्या से निपटने के लिए तल को ऊंचा करने का विभाग को पत्राचार किया गया है। हलाकिं यह समस्या नए भवन में शिफ्ट होने के बाद समाप्त हो जाएगी। फिलहाल नगर पालिका से गाड़ी मंगा कर पानी निकलवाया जाएगा।
जान महमद प्रबंधक सदर अस्पताल गोपालगंज

