समस्तीपुर, 4 अक्टूबर (निज संवाददाता) कृषि वर्ष 2025-26 के खरीफ मौसम को लेकर कृषि सांख्यिकी से संबंधित जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-आवृतिचर्या का आयोजन अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में प्रमंडलीय उप निदेशक शम्भु प्रसाद यादव, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी/सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण में फसल क्षेत्र सर्वेक्षण फसलों की उपज दर, फसल कटनी प्रयोग (CCE/GCES), E-Statistics पोर्टल, फसल उत्पादन आकलन, खेसरा पंजी, द्रुत एवं सामान्य जिंसवार डेटा संग्रह, फसल बर्बादी जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही फसल सांख्यिकी को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए डेटा संग्रहण को डिजिटल माध्यमों से करने की प्रक्रिया समझाई गई।

प्रशिक्षण में उपस्थित अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सटीक एवं शुद्ध आंकड़े बेहद आवश्यक हैं क्योंकि सरकार इन्हीं आंकड़ों के आधार पर योजनाएं तैयार करती है। आंकड़ों की विश्वसनीयता राज्य और देश के कृषि विकास की नींव होती है।
कार्यक्रम में दरभंगा प्रमंडल के उप निदेशक (सांख्यिकी), जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी समस्तीपुर और अन्य अधिकारी भी शामिल रहे। सभी ने इस तरह के प्रशिक्षण को कृषि क्षेत्र में सुधार की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।

