समस्तीपुर, 05 अक्टूबर (राजेश झा) समस्तीपुर विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने रविवार को समस्तीपुर प्रखंड के विभिन्न हिस्सों में करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली आठ सड़कों का शिलान्यास एवं उद्घाटन नारियल फोड़कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद प्रखंड अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने की, जबकि संचालन जिला राजद महासचिव राकेश कुशवाहा ने किया।

विधायक शाहीन ने कहा कि समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र को सुंदर, स्वच्छ और बेहतर बनाने का उनका संकल्प अटूट है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के विश्वास ने उन्हें लोकतंत्र के मंदिर तक पहुंचाया, जिसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि, “हमने सड़कों को कीचड़ और अंधेरे से मुक्ति दिलाई है। आज समस्तीपुर में सड़क नेटवर्क मजबूत हो चुका है। हर गली, हर गांव तक पक्की सड़कें पहुंच रही हैं।”
शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में रूप नारायणपुर बेला चौक से बाजितपुर और उसराही तक की सड़कें, सिंघिया खुर्द और दुधूपूरा में नव निर्मित सड़कें शामिल हैं।

इस मौके पर एथेलेटिक्स संघ के जिलाध्यक्ष मो. रिजुउल इस्लाम रिज्जू, जिला राजद प्रवक्ता राकेश ठाकुर, पैक्स अध्यक्ष अशोक साह, अरविंद राय, वार्ड पार्षद अनिल गुप्ता समेत कई स्थानीय नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विधायक शाहीन ने कहा कि वे इंसानियत की राह पर चलते हुए जनता की सेवा करते रहेंगे।

