समस्तीपुर, 05 अक्टूबर (राजेश झा) शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग राम रटन मंडल की मौत हो गई। वे डुमरा मोहन पंचायत के दुबेपुर गांव निवासी थे और पेशे से राजमिस्त्री थे। हाल ही में उन्होंने अपनी पत्नी को खोया था।

परिजनों के अनुसार, राम रटन मंडल भटौरा गांव में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान श्रीरामपुर के पास तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने उन्हें शिवाजीनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
राम रटन मंडल अपने पीछे तीन पुत्रों का भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं। जैसे ही उनकी मौत की खबर गांव में पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने दोषी बाइक सवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

