समस्तीपुर, 05 अक्टूबर (राजेश झा) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) रोसड़ा नगर इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को संघ कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक शकौशल किशोर राय ने की, जबकि प्रांत सह मंत्री अनुपम कुमार झा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी कार्यक्रमों जैसे राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर सेमिनार, कैंपस चलो अभियान, इकाई पुनर्गठन, युवा सम्मेलन, मिशन साहसी और भगिनी निवेदिता जयंती सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। अनुपम झा ने कहा कि एबीवीपी केवल आंदोलनकारी नहीं, बल्कि रचनात्मक संगठन है, जो युवाओं में सेवा, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता की भावना जागृत करता है।
उन्होंने बताया कि नवरात्रि के अवसर पर परिषद कार्यकर्ताओं ने मंदिरों में सफाई और सेवा कर समाज को सांस्कृतिक संदेश दिया। मिशन साहसी कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाया जा रहा है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला बैठक हसनपुर इकाई में आयोजित होगी और कार्यकर्ता शहर के सभी +2 विद्यालयों में जाकर छात्रों की समस्याएं समझेंगे। बैठक में आशुतोष कुमार राय, शिवम कुमार सिंह, हसरती खातून सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक का समापन राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ।

