पटना, 6 अक्तूबर (निज संवाददाता) बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से ठीक पहले राजधानी पटना को मेट्रो सेवा का तोहफा मिला है। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और खुद इसमें यात्रा भी की।
मुख्यमंत्री ने ISBT से जीरोमाइल होते हुए भूतनाथ तक की मेट्रो यात्रा की। इस दौरान उनके साथ दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी मौजूद रहे। यात्रा के दौरान एक खास पल तब देखने को मिला जब सीएम नीतीश अचानक अपनी सीट से उठे और खिड़की से बाहर का नजारा देखने लगे।

पहले फेज में 4.5 KM ट्रैक पर चलेगी मेट्रो
पटना मेट्रो के पहले चरण में ISBT से भूतनाथ रोड तक कुल 3 स्टेशन बनाए गए हैं। 4.5 किलोमीटर लंबे इस रूट पर मेट्रो ट्रेन 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।
- किराया: ₹15
- समय: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक
- सेवा शुरू: 7 अक्टूबर से आम जनता के लिए
मेट्रो सेवा की शुरुआत के बाद मुख्यमंत्री ने बेली रोड पर 6 भूमिगत टनल का भी शिलान्यास किया। ये टनल पटना मेट्रो के भविष्य के विस्तार का हिस्सा होंगी।
इससे 3 दिन पहले मेट्रो रेल सेफ्टी कमिश्नर (CMRS) ने प्राथमिक कॉरिडोर को लेकर सुरक्षा प्रमाण पत्र जारी किया था। सिग्नलिंग सिस्टम, पटरियों की मजबूती, ब्रेकिंग और अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन जांच के बाद मेट्रो को हरी झंडी दी गई।
पटना मेट्रो की यह शुरुआत राजधानी के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

