
धमदाहा/पुर्णिया:-21 जून (संतोष झा)धमदाहा की एक बेटी और एक बेटे ने बीपीएससी में सफलता प्राप्त कर परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों की सफलता पर धमदाहा वासी गर्व महसूस कर रहे हैं।
धमदाहा प्रखंड की ठाढ़ी राजो पंचायत अंतर्गत नंदग्राम निवासी किसान गणेश प्रसाद यादव और अनुमंडलीय अस्पताल धमदाहा में एएनएम पद पर पदस्थापित रीता कुमारी की चार बच्चों में सबसे छोटी पुत्री निधि कुमारी ने बीपीएससी में 802वीं रैंक प्राप्त कर सहायक योजना पदाधिकारी के पद पर चयन पाया है।
निधि की प्रारंभिक शिक्षा मध्य विद्यालय नंदग्राम से हुई। उन्होंने मैट्रिक उच्च विद्यालय धमदाहा से, इंटर बीएनसी कॉलेज से और ग्रेजुएशन श्री अरविंद महिला कॉलेज पटना से किया। निधि को यह सफलता पांचवें प्रयास में मिली है। वह नेट क्वालिफाई भी हैं। निधि अभी पढ़ाई जारी रखते हुए यूपीएससी क्रैक कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना रखती हैं। वहीं धमदाहा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 निवासी किसान प्रकाश राय उर्फ किरण राय और गृहणी विभा देवी के छोटे पुत्र सौरभ कुमार ने बीपीएससी में 1414वीं रैंक लाकर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के पद पर चयनित हुए हैं। सौरभ ने वर्ष 2017 में मैट्रिक और 2019 में इंटर की परीक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय पूर्णिया से पास की। ग्रेजुएशन किरोड़ीमल कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से और पीजी भी दिल्ली विश्वविद्यालय से किया। वर्तमान में वह जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली से पॉलिटिकल साइंस में पीएचडी कर रहे हैं। उन्हें 2025-2030 सत्र के लिए एसआरएफ मिला है। सौरभ का भी सपना प्रशासनिक अधिकारी बनने का है।

