समस्तीपुर6 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) मुफस्सिल थाना क्षेत्र के समस्तीपुर-रोसड़ा मुख्य पथ पर रविवार सुबह समस्तीपुर कॉलेज के पास एक नाबालिग किशोरी के अपहरण की कोशिश नाकाम हो गई। जानकारी के अनुसार, किशोरी बंगरा थाना क्षेत्र की रहने वाली है और इन दिनों अपने ननिहाल में रह रही थी। इसी दौरान बोलेरो सवार कुछ युवकों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की।

किशोरी के शोर मचाने पर उसका ममेरा भाई मौके पर पहुंचा और बोलेरो से लटक गया। गाड़ी चालक ने तेज रफ्तार में गाड़ी भगाई, जिससे युवक लगभग 200 मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया। सूचना मिलने पर कन्हैया चौक के पास ग्रामीणों ने घेराबंदी कर बोलेरो को रोक लिया। दो-तीन युवक मौके से फरार हो गए, जबकि दो बदमाशों को पकड़कर ग्रामीणों ने जमकर पीटा।
मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। गिरफ्तार युवक पूसा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि एक आरोपी पर पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

