समस्तीपुर, 6 अक्तूबर ( समस्तीपुर डेस्क) केवटा पंचायत सरकार भवन के पास बलान नदी की सीढ़ी घाट पर रविवार को नहाने गए 17 वर्षीय किशोर राहुल कुमार की डूबने से मौत हो गई। राहुल अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था, जहां पांव फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

घटना के बाद स्थानीय लोग उसकी तलाश में जुट गए लेकिन सफलता नहीं मिली। देर शाम प्रशासनिक टीम और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, परंतु रात तक शव नहीं मिला और तलाशी अभियान रोक दिया गया।
सोमवार को दोपहर तक चली सघन खोज के बाद राहुल का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नदियों के किनारे सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाई जाए। थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।

