समस्तीपुर, 6 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की घोषणा के बाद समस्तीपुर समाहरणालय सभागार में सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित इस संवाददाता सम्मेलन में चुनावी तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और आचार संहिता के पालन को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।

डीएम रोशन कुशवाहा ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों व उम्मीदवारों के लिए आचार संहिता का पालन अनिवार्य है। पेड न्यूज, भ्रामक खबरें या अवैध प्रचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मीडिया से अपील की कि वे निष्पक्ष और सत्य सूचनाएं देकर लोकतंत्र को सशक्त बनाएं। उन्होंने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट की तैयारी पूरी है।
पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हर केंद्र पर सुरक्षा बल तैनात रहेंगे, मोबाइल पेट्रोलिंग और सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी।
प्रेस कांफ्रेंस के बाद अधिकारियों ने समाहरणालय परिसर का निरीक्षण किया और प्रचार सामग्री हटवाकर चुनाव आचार संहिता का पालन सुनिश्चित किया।

