नई दिल्ली, 7 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में चल रहे ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के पहले सप्ताह के बाद ICC ने ताजा महिला ODI रैंकिंग जारी कर दी है। भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एक बार फिर रैंकिंग में अपना दबदबा बनाए रखा है। वह 791 रेटिंग अंकों के साथ टॉप पर बनी हुई हैं और दूसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड की नैट साइवर-ब्रंट (731) से काफी आगे हैं।

स्मृति मंधाना टॉप-10 में शामिल इकलौती भारतीय बल्लेबाज हैं। ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं। इस बीच वर्ल्ड कप के शुरुआती मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाली कुछ खिलाड़ियों ने रैंकिंग में जबरदस्त छलांग लगाई है।
साउथ अफ्रीका की ताजमिन ब्रिट्स ने 6 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक जड़कर दो स्थान की छलांग लगाई और अब वह चौथे स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की एश गार्डनर, जिन्होंने टूर्नामेंट के पहले ही मैच में शतक लगाया था, सात स्थान ऊपर चढ़कर अब पांचवें स्थान पर पहुंच गई हैं। इन दोनों खिलाड़ियों ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की है।
न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन सात स्थान की छलांग लगाकर आठवें स्थान पर आ गई हैं, जबकि पाकिस्तान की सिदरा अमीन तीन स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर पहुंची हैं।
गेंदबाजों की रैंकिंग में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिला। इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन पहले स्थान पर बनी हुई हैं। साउथ अफ्रीका की मरिजाने कैप और ऑस्ट्रेलिया की अलाना किंग को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है, वहीं भारत की दीप्ति शर्मा छठे और वेस्टइंडीज की हैली मैथ्यूज आठवें स्थान पर खिसक गई हैं।
ऑलराउंडर रैंकिंग में एश गार्डनर (482 रेटिंग) ने टॉप पर रहते हुए करियर की सर्वोच्च रेटिंग हासिल की है। उनकी साथी खिलाड़ी किम गार्थ चार स्थान ऊपर चढ़कर 18वें स्थान पर आ गई हैं। वहीं, सोफी डिवाइन एक स्थान ऊपर चढ़कर अब नौवें स्थान पर पहुंच गई हैं।

