नई दिल्ली, 8 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड की सुपरहिट जोड़ी आलिया भट्ट और रणबीर कपूर एक बार फिर साथ पर्दे पर नजर आ सकते हैं, और इस बार भी कमान होगी करण जौहर के हाथों में। आलिया भट्ट ने करण जौहर की फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से अपने करियर की शुरुआत की थी, और अब मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करण अपनी अगली फिल्म में आलिया को फिर से कास्ट करने की तैयारी में हैं।

आखिरी बार आलिया करण की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में नजर आई थीं, जिसमें उनके साथ रणवीर सिंह थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया और आलिया-रणवीर की केमिस्ट्री को काफी सराहा गया था।
अब मिड-डे की एक रिपोर्ट के अनुसार, करण जौहर की अपकमिंग फिल्म में आलिया न सिर्फ लीड रोल निभाएंगी, बल्कि पहली बार करण की फिल्म में अपने पति रणबीर कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी।
खास बात ये है कि फिल्म में एक और दमदार कलाकार की एंट्री हो सकती है विक्की कौशल। आलिया और विक्की पहले ‘राज़ी’ में साथ काम कर चुके हैं और उनकी केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।
फिलहाल रणबीर, आलिया और विक्की संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, जहां ये तिकड़ी पहली बार एक साथ नजर आएगी। अगर करण की यह फिल्म फाइनल होती है, तो यह तिकड़ी एक बार फिर साथ दिख सकती है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो रणबीर जल्द ही नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं आलिया भट्ट संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ के अलावा आदित्य चोपड़ा की फिल्म ‘अल्फा’ में भी नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ शरवरी वाघ और बॉबी देओल होंगे।

