नई दिल्ली, 8 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) साउथ इंडस्ट्री में जहां आज हर फिल्म के साथ नई-नई अभिनेत्रियां सामने आ रही हैं, वहीं कुछ साल पहले तक सिल्वर स्क्रीन पर गिनी-चुनी एक्ट्रेसेस का ही दबदबा था। हाल ही में ‘ड्रैगन’ फिल्म से चर्चा में आईं एक्ट्रेस कयाडू लोहार का ग्राफ तेजी से बढ़ा है।

सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसी तरह ममिता बैजू, पूजा हेगड़े, श्रीलीला और अब रुक्मिणी वसंत जैसी अभिनेत्रियां भी चर्चा में बनी हुई हैं।

लेकिन एक समय ऐसा भी था जब त्रिशा, अनुष्का शेट्टी, प्रियामणि, जेनेलिया जैसी एक्ट्रेसेस इंडस्ट्री पर राज करती थीं। 2008 में आई नागार्जुन की तेलुगु फिल्म ‘किंग’ में इन सभी ने एक साथ काम किया था, भले ही कुछ ने गेस्ट अपीयरेंस ही दिया हो। फिल्म का निर्देशन श्रीनु वैटला ने किया था। एक्शन और कॉमेडी से भरपूर यह फिल्म दर्शकों को खूब पसंद आई थी।

‘किंग’ फिल्म को रिलीज़ हुए आज 17 साल हो चुके हैं, लेकिन इसकी लोकप्रियता कम नहीं हुई है। जब भी यह फिल्म टीवी पर आती है, दर्शक इसे आज भी उतनी ही उत्सुकता से देखते हैं। नागार्जुन के करियर की यह एक बड़ी हिट फिल्म थी।

लीड रोल में त्रिशा और ममता मोहनदास थीं, जबकि अर्जुन बजवा, शायाजी शिंदे और जयप्रकाश जैसे कलाकारों ने मजबूत सहायक भूमिकाएं निभाईं।

फिल्म का गाना ‘नुव्वु रेडी नेनु रेडी’ खासा पॉपुलर हुआ था। इस गाने में त्रिशा के साथ अनुष्का शेट्टी, प्रियामणि, जेनेलिया, स्नेहा उल्लाल, चार्मी और कमना जेतमलानी भी नजर आई थीं। त्रिशा को छोड़कर बाकी सभी एक्ट्रेसेस ने कैमियो किया था। खास बात यह रही कि सभी ने बिना किसी ईगो के एक साथ स्क्रीन शेयर की।

आज की पैन इंडिया फिल्मों में कलाकार अलग-अलग भाषाओं से आते हैं, लेकिन उस दौर में ऐसी स्टार कास्ट एक साथ देखना दुर्लभ था। देवी श्री प्रसाद द्वारा रचित संगीत भी सुपरहिट रहा।

‘किंग’ न सिर्फ नागार्जुन के करियर की अहम फिल्म है, बल्कि साउथ सिनेमा की उन फिल्मों में से एक है जो समय के साथ और भी यादगार बन गई है।

